BJP सांसद अनंत हेगड़े का महात्मा गांधी पर विवादित बयान, कहा- उनका स्वतंत्रता संग्राम सिर्फ ड्रामा था

बेंगलुरु. भारतीय जनता पार्टी के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. उन्होंने इस बार महात्मा गांधी को लेकर विवादास्पद बयान दिया है. हेगड़े ने गांधी के नेतृत्व में हुए भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को एक नाटक करार दिया. यही नहीं, बीजेपी सांसद ने गांधी के ‘महात्मा’ कहलाने पर भी सवाल उठाए हैं.

बीजेपी सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने शनिवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में एक जनसभा के दौरान ये बातें कहीं. कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ से लोकसभा सांसद ने इस दौरान भारत के स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘पूरा स्वतंत्रता संग्राम ब्रिटिश सरकार की अनुमति और समर्थन से रचा गया था. आजादी के आंदोलन के दौरान तथाकथित नेताओं में से किसी ने एक बार भी पुलिस की मार नहीं खाई थी. एक बार भी नहीं. गांधी का स्वतंत्रता संग्राम महज एक बड़ा ड्रामा था.’

गांधी का उपवास और सत्याग्रह नाटक था
अनंत कुमार हेगड़े ने महात्मा गांधी के उपवास और सत्याग्रह को भी नाटक बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समर्थक कहते हैं कि आमरण अनशन और सत्याग्रह से भारत को आजादी मिली. यह सही नहीं है. उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने सत्याग्रह के चलते देश नहीं छोड़ा था. अंग्रेजों ने निराश होकर भारत छोड़ा था.

इतिहास पढ़ता हूं तो आता है गुस्सा
हेगड़े ने कहा, ‘जब मैं इतिहास पढ़ता हूं तो गुस्से से मेरा खून खौलने लगता है. देश को लेकर ऐसे नाटक करने वाले गांधी जैसे लोग हमारे देश में महात्मा हो गए. ऐसा कैसे हो सकता है?’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *