अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा पंतनगर, देहरादून एयरपोर्ट : सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत

रुद्रपुर । देहरादून और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। रुद्रपुर के अलावा हरिद्वार और पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। रुद्रपुर और काशीपुर को स्मार्ट सिटी और रुद्रपुर में ट्रांसपोर्ट नगर बनाया जाएगा। यह बात शनिवार को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यहां कही। 

शनिवार शाम गांधी पार्क में पहुंचे सीएम ने मुख्यमंत्री आदर्श विद्यालय योजना के तहत रुद्रपुर ब्लॉक के लिए चार स्कूल बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्कूल बस में सवार होकर बच्चों से बातचीत भी की। सीएम ने शिक्षा विभाग की पुस्तिका का विमोचन भी किया। उन्होंने राष्ट्रीय सरस मेले में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को दिए टैबलेट
यूएस कार्निवाल के मंच पर मुख्यमंत्री ने परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को टैबलेट वितरित किए और अन्य लाभार्थियों को चेक दिए। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में ट्रांसपोर्ट नगर और नई गल्ला मंडी के लिए 58 एकड़ जमीन मिल चुकी है। 

यूएस नगर जिले के 1117 स्कूलों को किया जा रहा मर्ज 
सीएम ने कहा कि ऊधम सिंह नगर जिले में 1117 स्कूलों को मर्ज किया जा रहा है। 528 विद्यालय मुख्यमंत्री आदर्श विद्यालय बनाए जा रहे हैं। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। 

इनकी रही मौजूदगी
इस दौरान विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, कुमाऊं आयुक्त राजीव रौतेला, डीएम डॉ. नीरज खैरवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, वन निगम अध्यक्ष सुरेश परिहार, सीडीओ मयूर दीक्षित, सीईओ आरसी आर्य, उपशिक्षा अधिकारी डॉ. गुंजन अमरोही, अनिल चौहान, अनिल गोयल, आदि मौजूद रहे। 

कांग्रेसियों ने सीएम के काफिले को दिखाए काले झंडे 
यूएस कार्निवाल के बाद लौटते समय सीएम के काफिले को 31वीं वाहिनी पीएसी के सामने हाईवे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। वहां महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, प्रदेश महामंत्री हिमांशु गाबा, दिलीप अधिकारी, मोहन खेड़ा, परिमल राय, राजेंद्र निषाद, राजीव कामरा, शिशुपाल सिंह, विजय यादव, बाबू खान, सुनील जादवानी आदि थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *