वेलिंगटन: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में बेहद खराब प्रदर्शन किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम पहली पारी में 68.1 ओवर में सिर्फ 165 रन के स्कोर पर समिट गई। टेस्ट रैंकिंग में टॉप पर भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही जिसका उसे खामियाजा भुगतना पड़ा। कीवी गेंदबाजों ने अनुकूल परिस्थतियों का फायदा उठाते हुए भारत के टॉप और मिडिल ऑर्डर को शुक्रवार को सस्ते में निपटा दिया और जो बाकी रह गए उन्हें शनिवार को पहले सत्र में पवेलियन की राह दिखा दी। भारतीय टीम के खिलाफ दो कीवी गेंदबाज काइल जेमीसन और टिम साउथी के जमकर कहर बरपाया। दोनों ने चार-चार विकेट चटकाए।
पहले दिन एक सत्र का खेल नहीं हो पाया
भारत ने पहले दिन पांच विकेट खोकर 122 रन बनाए थे। लेकिन इसके बाद बारिश आ गई और तीसरे सत्र का खेल नहीं हो सका था। अजिंक्य रहाणे 38 और रिषभ पंत 10 रन बनाकर खड़े थे। पहले दिन सिर्फ 55 ओवर की फेंके जा सके और डेब्यू टेस्ट खेल रहे तेज गेंदबाज जेमीसन तीन अहम विकेट लेकर अपना प्रभाव छोड़ने में सफल रहे। उन्होंने चेतेश्व पुजारा (11), विराट कोहली (2) और हनुमा विहारी (7) जैसे बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। वहीं, साउदी को पहले दिन सिर्फ पृथ्वी शॉ (16) के रूप में एक विकेट मिला। रहाणे के अलावा कोई और बल्लेबाज पहले दिन चल सका तो वो थे सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल। मयंक ने 84 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली।
दूसरे दिन भी भारत ने जल्दी विकेट गंवाए
दूसरे दिन 122 रन से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत से ही झटके लगने लगे। दूसरे दिन भारत को पहला झटका पंत के तौर पर गिरा। पंत 19 रन बनाकर साउदी के ओवर में रन आउट हो गए। इसके बाद साउदी ने रविचंद्रन अश्विन (0) को बोल्ड कर पवेलियन भेजा। रहाणे भी साउदी का शिकार बने। वह गलत शॉट खेलकर विकेट के पीच वाटलिंग को कैच थमा बैठे। उन्होंने 138 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 46 रन बनाए। रहाणे के आउट होती भारत की सभी उम्मीदें खत्म हो गईं। इशांत शर्मा (5) को आउट कर जेमीसन ने अपना चौथा शिकार किया। साउदी को अपना चौथा विकेट मोहम्मद शमी (21) के रूप में मिला। शमी के पवेलियन लौटने पर भारतीय पारी ढेर हो गई।

