‘हैप्पीनेस क्लास’ का दौरा करेंगी मेलानिया ट्रंप, अमेरिकी दूतावास ने कहा- केजरीवाल-सिसोदिया की मौजूदगी से आपत्ति नहीं

नई दिल्ली: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत दौरे के लिए अमेरिका से रवाना हो चुके हैं. ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनेर और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी हैं. मेलानिया यहां नई दिल्ली में सरकारी स्कूल का दौरा करेंगी और ‘हैप्पीनेस क्लास’ में छात्रों से बातचीत करेंगी.

इसी को लेकर दिल्ली सरकार के सूत्रों ने शनिवार को दावा किया था कि मेलानिया ट्रंप के मंगलवार को दिल्ली के सरकारी स्कूल के दौरे के समय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया मौजूद नहीं रहेंगे क्योंकि कार्यक्रम के लिए अतिथि सूची से उनके नाम हटा दिए गए हैं.

अब अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि उसे दिल्ली के सरकारी स्कूल में अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप की यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी को लेकर कोई आपत्ति नहीं है.

अमेरिकी दूतावास में एक प्रवक्ता ने इस बारे में मीडिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर कहा, ‘‘अमेरिकी दूतावास को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन हम इस बात को समझने के लिए उनकी सराहना करते हैं कि यह कोई राजनीतिक समारोह नहीं है और यह सुनिश्चित करना सबसे अच्छा है कि शिक्षा, स्कूल एवं छात्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाए.’’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया के ‘खुशहाली पाठ्यक्रम’ देखने के लिए स्कूल जाने और वहां छात्रों से संवाद करने का कार्यक्रम है. दिल्ली सरकार के सूत्रों ने बताया कि अमेरिकी दूतावास ने शनिवार सुबह शहर के प्रशासन को अवगत कराया था कि आयोजन के लिए आमंत्रित लोगों की सूची में केजरीवाल और सिसोदिया का नाम नहीं है .

पहचान जाहिर नहीं करने का अनुरोध करते हुए दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘आयोजन के लिए आमंत्रित लोगों की सूची से केजरीवाल और सिसोदिया के नाम हटा दिए गए हैं . हमें नहीं पता कि प्रथम महिला जब हमारे स्कूल में आयेंगी तो कौन उनका स्वागत करेगा और कौन उन्हें अवगत कराएगा.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *