उत्तराखंडः सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन आज

देहरादून I फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा, बेरोजगारी, महंगाई, शराब सस्ती करने सहित अन्य मामलों को लेकर कांग्रेस रविवार को गांधी पार्क में प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना देगी। कांग्रेस भवन में हुई प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में अंतर है।

प्रदेश में सत्ता संभालते ही जीरो टॉलरेंस का नारा दिया गया था। फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा में यह साफ हो गया है कि सरकार के संरक्षण में गड़बड़ी हुई। अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद भी सरकार इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने को तैयार नहीं है।

पार्टी ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा को निरस्त करने और उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। सरकार महंगाई पर काबू पाने के लिए कुछ नहीं कर रही है। इसके उलट शराब सस्ती कर प्रदेश को नशाखोरी की गर्त में धकेलने का काम किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे। 

लालटेन से डर गई सरकार

प्रीतम सिंह ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस की लालटेन लेकर विकास खोजो यात्रा से प्रदेश सरकार बौखला गई है। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसी से बौखला कर मुख्यमंत्री बेतुके बयान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा था कि कांग्रेस लालटेन लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को खोजने निकली है।

सारे कांग्रेसी नेताओं के जुटने से राहत

हल्द्वानी की रैली में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं के शामिल होने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी राहत में नजर आए। प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है। पार्टी नेताओं का कहना है कि हाईकमान के हस्तक्षेप से यह संभव हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *