नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ हिंसा प्रभावित नॉर्थ ईस्ट दिल्ली (उत्तर पूर्व दिल्ली) का दौरा किया और लोगों से भी मिले. राहुल गांधी ब्रिजपुरी के अरुण मॉडर्न पब्लिक स्कूल गए, ये स्कूल कांग्रेस नेता भीष्म शर्मा का है, दंगाइयों ने इस स्कूल में आग लगा दी थी.
स्कूल का दौरा करने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि सबको मिलकर रहना होगा. नफरत से किसी को फायदा नहीं है. उन्होंने कहा, ”एक स्कूल है, यह हिंदुस्तान का भविष्य है. इस स्कूल को नफरत और हिंसा ने जलाया है. इससे किसी को फायदा नहीं हुआ. हिंसा और नफरत तरक्की के दुश्मन हैं. हिंदुस्तान को जो बांटा जा रहा है, इससे भारत माता को कोई फायदा नहीं होगा.”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ”सबको मिलकर प्यार से काम करना पड़ेगा. हिंदुस्तान को जोड़कर ही आगे ले जाया जा सकता है. हिंदुस्तान में, राजधानी में जब हिंसा होती है तो इससे दुनिया में भारत के सम्मान पर चोट पहुंचती है.”

