नई दिल्ली. मध्य प्रदेश में बदलती सियासत के बीच कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का परिवार उनके साथ खड़ा होता दिख रहा है. कांग्रेस नेता सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया ने एक ट्वीट में कहा कि मुझे अपने पिता के फैसले पर गर्व है, क्योंकि उन्होंने खुद के लिए इस तरह का निर्णय लिया है. एक विरासत का हिस्सा होकर इस्तीफा देने के लिए साहस चाहिए. आर्यमन ने यह भी कहा कि मेरा परिवार कभी भी सत्ता का भूखा नहीं रहा. उन्होंने कहा कि जैसा वादा किया गया है कि हम भारत और मध्य प्रदेश के भविष्य में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रयास करते रहेंगे.
यूएस के येल यूनिवर्सिटी से की है पढ़ाई
एमपी के सियासी हलचल के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे आर्यमन सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय दिख रहे हैं. 23 साल के आर्यमन ने यूएसए के येल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है. टि्वटर पर हरियाणा के नेता कुलदीप विश्नोई के सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने पर अफसोस जताते हुए एक ट्वीट किया था. उस ट्वीट को भी आर्यमन ने रिट्वीट किया है. वो लगातार अपने पिता के पक्ष में सोशल मीडिया पर एक्टिव दिख रहे हैं.मंगलवार शाम बीजेपी में हो सकते हैं शामिल
बता दें कि कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार शाम बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. सूत्रों ने यह जानकारी दी है. इससे पहले उनकी गृह मंत्री अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की जानकारी मिल रही थी, जिससे सिंधिया के बीजेपी में शामिल होने अटकलें पुख्ता होने लगी थीं.
कांग्रेस से तोड़ा नाता
लगभग दो दशक से कांग्रेस के साथ राजनीति कर रहे सिंधिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उनके इस्तीफे की चिट्ठी सामने आने के बाद कांग्रेस महासचिव भी मीडिया से मुखातिब हुए. इस दौरान उन्होंने बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते सिंधिया को कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया है.

